सुपौल: निजी क्लिनिक में ऑपरेशन  के दस दिन बाद महिला की मौत, परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

न्यूज़ डेस्क सुपौल:

जिले के पिपरा बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक के सामने लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि उक्त क्लिनिक में महिला का ऑपरेशन किया गया था, जिसके दस दिन बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। हालांकि सड़क जाम के बाद मौके पर पहुंची पिपरा थाना की पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करवा दिया। जानकारी अनुसार करीब एक घंटे तक सड़क जाम रही। जिसके चलते NH 106 पिपरा सिंहेश्वर मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही।

घटना को लेकर बताया गया कि मधेपुरा जिला के कमरगामा निवासी सैदल सादा की पत्नी 42 वर्षीय तारा देवी को बच्चेदानी का ऑपरेशन के लिए पिपरा बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में दस दिन पहले भर्ती कराया गया था। जहां क्लिनिक के डॉक्टर ने महिला का ऑपरेशन किया। लेकिन कल महिला की हालत अचानक बिगड़ने लगी। जिसके बाद क्लिनिक के डॉक्टर महिला को इलाज के लिए लेकर सहरसा स्थित एक क्लिनिक चले गए। जहां आज महिला की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके बाद एम्बुलेंस से महिला की लाश को पिपरा भेज दिया गया और डॉक्टर खुद फरार हो गए। आरोप है कि परिजनों द्वारा डॉक्टर को कई बार फोन पर पिपरा आने की बात कही गई, लेकिन डॉक्टर साहब पिपरा नहीं आये। जिसके बाद घटना से आक्रोशित लोगों ने पिपरा बाजार में उक्त निजी क्लिनिक के सामने खूब हंगामा किया और महिला के शव को सड़क पर रखकर NH 106 सड़क को जाम कर दिया और आरोपी डॉक्टर के विरुद्ध समुचित कार्रवाई की मांग करने लगे। इधर जाम की सूचना पर पहुंची पिपरा पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद परिजनों को समुचित आश्वासन देने के बाद जाम को हटाया। बताया गया कि करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण सड़क पर आवाजाही प्रभावित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *