सुपौल: पूर्व सांसद आनंद मोहन ने जेपी सेनानी प्रकाश चंद्र झा को दी श्रद्धांजलि, समाजसेवा में योगदान को बताया अपूरणीय

न्यूज डेस्क सुपौल:

पूर्व सांसद आनंद मोहन ने सोमवार को जिले के सिमराही नगर पंचायत के धर्मपट्टी गांव में जेपी आंदोलन के प्रमुख सेनानी दिवंगत प्रकाश चंद्र झा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत सेनानी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी स्मृतियों को नमन किया और कहा कि प्रकाश चंद्र झा न केवल एक सच्चे समाजसेवी थे, बल्कि अपने कार्यों से उन्होंने समाज को नई दिशा दी।

आनंद मोहन ने कहा कि दिवंगत प्रकाश चंद्र झा ने जेपी आंदोलन के दौरान सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जीवनभर जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहे। उन्होंने उनके निधन को न केवल सिमराही क्षेत्र के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

दिवंगत सेनानी के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा, “प्रकाश चंद्र झा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। उनका समाज के प्रति समर्पण और निष्ठा अद्वितीय थी। उनकी कमी को पूरा करना मुश्किल है।”

गौरतलब है कि दो सप्ताह पूर्व सिमराही नगर पंचायत के वार्ड नंबर 1 के निवासी, 78 वर्षीय प्रकाश चंद्र झा का आकस्मिक निधन हो गया था। वे न केवल एक प्रभावशाली सामाजिक व्यक्तित्व थे, बल्कि जेपी आंदोलन के समय से ही समाज के कमजोर और शोषित वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाने वाले सेनानी भी रहे।

इस श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और उनके शुभचिंतक भी उपस्थित थे, जिन्होंने दिवंगत सेनानी के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके जीवन और योगदान पर चर्चा की और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

मौके पर शैलेन्द्र प्रसाद सिंह, महेन्द्र गुप्ता, धीरेंद्र सिंह, त्रिदीप सेन, तारानंद यादव, नागेंद्र सिंह, प्रकाश मिश्र, ललित मिश्र, हृदय मिश्र, रमेश मेहता, तेतर मुखिया, रूपेश ठाकुर, बदरी मंडल, सुरेश ठाकुर, अभयकांत झा, राजीव ठाकुर, मंगेश सिंह, अशोक कुमार सिंह, सुरेन्द्र नारायण सिंह, सियाराम सिंह, बुच्ची गुप्ता, हेमकांत झा, शिवकुमार अग्रवाल, कुमोद झा, बमबम झा, विरेन्द्र दास, धीरेन्द्र सिंह, उपेन्द्र मेहता आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *