सुपौल: भाई दूज पर सिमराही बाजार में 7 घंटे का भीषण जाम, अव्यवस्थित यातायात से राहगीरों को भारी परेशानी

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के सिमराही बाजार में भाई दूज के अवसर पर रविवार दोपहर में भीषण जाम की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। भाई दूज होने के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई थी। कुछ लोग अपने रिश्तेदारों के घर जा रहे थे, तो कुछ लौट रहे थे, जिससे बाजार और सड़कों पर भीड़ अधिक हो गई।

NH 131 एवं NH 27 पर लगा जाम

दोपहर लगभग 12 बजे से यह जाम शुरू हुआ और शाम 7 बजे तक सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सिमराही बाजार में दो राष्ट्रीय राजमार्गों, एनएच 27 और एनएच 131 के गुजरने के कारण पहले से ही यहां वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, जिसके बाद रविवार को यह समस्या और गंभीर हो गई। लगभग सात घंटे की कड़ी मेहनत के बाद स्थानीय पुलिस बल और स्थानीय युवाओं की मदद से जाम पर काबू पाया गया। इस दौरान राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जेपी चौक पर लगा जाम

जाम का मुख्य कारण जेपी चौराहे पर फुटकर दुकानदारों द्वारा सड़क पर किया गया अवैध कब्जा और बेतरीक़े से सड़क किनारे लगा वाहन था। सड़क के किनारे दुकानें लगाने से रास्ता संकरा हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही में रुकावटें आईं। इसके अलावे सड़क किनारे विभिन्न प्रकार के वाहनों के खड़ा रहने से भी लोगों व वाहनों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी।

NH 27 पर लगी वाहनों की लंबी कतार

वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सिमराही बाजार से होकर एनएच 27 और एनएच 131 दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरते हैं, जिन पर दिन भर सैकड़ों वाहनों की आवाजाही होती रहती है। लेकिन, बाजार में बस पड़ाव जैसी सुविधाओं का अभाव है, जिसके कारण जेपी चौराहे पर ही बस और ऑटो खड़े किए जाते हैं। इसी जगह पर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने का काम किया जाता है, जिससे यहां हमेशा दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। इसके अलावा टेम्पू और ई-रिक्शा चालकों द्वारा भी एनएच 131 को अपना बसेरा बना लिया गया है। चौक के बगल ही टेम्पू को सड़क किनारे खड़ा कर दिया जाता है, जिससे जाम होने पर काफी परेशानी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *