सुपौल में निर्वाचन पदाधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण संपन्न, 100% वेबकास्टिंग वाले मतदान केंद्रों पर जिम्मेदारियों की दी गई जानकारी

News Desk Supaul:

आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के सफल संचालन की दिशा में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिलाधिकारी सुपौल सावन कुमार के निर्देशानुसार आज प्रथम एवं द्वितीय मतदान पदाधिकारियों का जिला स्तरीय प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन दो पालियों में क्रमशः सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुपौल एवं बबुजन विश्वेश्वर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुपौल में किया गया।

नोडल पदाधिकारी (प्रशिक्षण कोषांग)–सह जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव ने प्रशिक्षण सत्र में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए बताया कि इस चुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर 100% वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने मतदान दिवस पर पीठासीन पदाधिकारियों को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने हेतु EVM संचालन एवं विभिन्न प्रपत्रों के भरने की बारीकियों को गंभीरता से समझने पर बल दिया।

नोडल मास्टर प्रशिक्षक अंजनी कुमार ने प्रथम मतदान पदाधिकारियों को उनके कार्य एवं दायित्वों से अवगत कराते हुए बताया कि वे निर्वाचक नामावली की चिन्हित प्रति के प्रभारी होंगे तथा मतदाताओं की पहचान EPIC या वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों से सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि महिला मतदाताओं के क्रमांक को लाल कलम से घेरा जाए एवं प्रत्येक मतदाता के नाम पर लाल तिरछी रेखा अंकित की जाए।

वहीं नोडल मास्टर प्रशिक्षक अमित कुमार एवं धमेंद्र कुमार ने द्वितीय मतदान पदाधिकारियों को उनके कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि द्वितीय मतदान पदाधिकारी मतदाताओं का रजिस्टर (फॉर्म 17A) और अमिट स्याही के प्रभारी होंगे। प्रत्येक मतदाता के बाएं हाथ की तर्जनी पर अमिट स्याही लगाने के साथ वे मतदाता पर्ची जारी करेंगे और संबंधित कॉलम में हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान सुनिश्चित करेंगे।

प्रशिक्षण सत्रों के सुचारू संचालन हेतु जिलाधिकारी द्वारा संग्राम सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सुपौल को सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय का प्रभारी पदाधिकारी तथा राजू कुमार, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, निर्मली को बबुजन विश्वेश्वर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय का प्रभारी पदाधिकारी नामित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]