सुपौल में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन — स्काउट एवं गाइड के 250 सदस्यों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

News Desk Supaul:

आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। इसी क्रम में आज स्वीप (SVEEP) कोषांग, सुपौल के तत्वावधान में भारत स्काउट एंड गाइड द्वारा एक भव्य मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से लगभग 250 स्काउट एवं गाइड सदस्यों ने भाग लिया।

रैली का शुभारंभ सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित स्काउट एवं गाइड कार्यालय से किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल, तथा जिला संगठन आयुक्त, भारत स्काउट एंड गाइड संजय कुमार झा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान स्वीप कोषांग, सुपौल के अन्य अधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे।

रैली स्काउट एवं गाइड कार्यालय से निकलकर कोर्ट परिसर, मस्जिद चौक, महावीर चौक, स्टेशन चौक, लोहिया चौक और अंबेडकर चौक से होकर गुजरी और पुनः उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में समाप्त हुई। रास्ते भर प्रतिभागियों ने “हर मतदाता का यही पुकार, मतदान करें हम बारंबार”, “लोकतंत्र की ये पहचान, वोट करें हम सब इंसान” जैसे नारों से पूरे शहर का माहौल उत्साहपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाताओं को अपने मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करना, अधिकतम मतदान सुनिश्चित करना, और प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदान प्रक्रिया से परिचित कराना रहा।

स्वीप कोषांग, सुपौल के एक अधिकारी ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से आम नागरिकों में लोकतंत्र के प्रति विश्वास और भागीदारी की भावना मजबूत होती है। वहीं, स्काउट एवं गाइड के जिला संगठन आयुक्त संजय कुमार झा ने कहा कि “युवा वर्ग लोकतंत्र की रीढ़ है, और यदि वे जिम्मेदारी से मतदान करेंगे तो निश्चित रूप से मजबूत शासन व्यवस्था स्थापित होगी।”

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगे और अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]