सुपौल में राष्ट्रभक्ति का सैलाब: एबीवीपी की विशाल तिरंगा यात्रा में उमड़ा युवा जोश, नगर गूंजा ‘भारत माता की जय’ से

Report: A.K Chaudhary

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) नगर इकाई सुपौल के द्वारा शनिवार को नगर में एक भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसका नेतृत्व जिला संयोजक राजेश कुमार ने की। इस तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करना रहा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ नगर के गांधी मैदान से हुआ। यात्रा गांधी मैदान से निकलकर लोहिया चौक, स्टेशन चौक, महावीर चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः गांधी मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा एवं एबीवीपी के कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “राष्ट्रीय एकता जिंदाबाद” जैसे गगनभेदी नारों के साथ पूरे नगर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगते नजर आए।

इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उत्तर बिहार प्रांत के प्रांत सह मंत्री शिवजी कुमार ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश की एकता एवं संप्रभुता के प्रति जागरूकता पैदा करना ही इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है। आज का युवा यदि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखेगा तो देश निश्चित रूप से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा।

तिरंगा यात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर एवं तालियों के साथ यात्रा का स्वागत किया। लोगों ने इस आयोजन को प्रेरणादायक बताते हुए युवाओं की भूमिका की सराहना की। पूरी यात्रा शांतिपूर्ण, अनुशासित और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह सीनेट सदस्य भवेश झा, विभाग प्रमुख प्रोफेसर राम कुमार कर्ण, पूर्व कार्यकर्ता सुरेश कुमार सुमन, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पूजा कुमारी, दिव्या कुमारी, नगर सह मंत्री कुंदन कुमार सहित सचिन कुमार, पंकज कुमार, सतीश कुमार, चंदन कुमार, रितिक कुमार, विजय कुमार, सरवन कुमार, रिंकू यादव समेत बड़ी संख्या में परिषद कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *