सुपौल: राघोपुर में चोरी की तिहरी वारदात, नकदी व लाखों के जेवरात पर हाथ साफ, ग्रामीणों में आक्रोश

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामविशनपुर पंचायत अंतर्गत हुसैनाबाद वार्ड नंबर 12 में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने हजारों रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के जेवरात चुरा लिए। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भय और नाराजगी है।

पहली वारदात – अशोक मंडल के घर ग्रामीणों ने बताया कि चोर सबसे पहले अशोक मंडल के घर में घुसे। यहां से उन्होंने एक बक्सा उठा लिया और खेत में ले जाकर ताला तोड़ दिया। बक्से से 20 हजार रुपये नकद, 2 जोड़ी पायल, 2 चेन, 2 लॉकेट, 1 नकमुनी और करीब 45 हजार रुपये मूल्य के अन्य आभूषण गायब कर दिए।

दूसरा निशाना – भूपेंद्र मंडल का घर इसके बाद चोर भूपेंद्र मंडल के घर पहुंचे और वहां से दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए। ग्रामीणों ने बताया कि भूपेंद्र मंडल के घर में कुछ महीने पहले भी चोरी हो चुकी है, लेकिन उस समय राघोपुर थाना में लिखित शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।

तीसरी वारदात – अरुण मंडल का घर तीसरी चोरी की घटना अरुण मंडल के घर में हुई। चोरों ने घर का ताला तोड़कर बक्सा उठाया और लगभग एक किलोमीटर दूर खेत के जंगल में ले जाकर तोड़ दिया। बक्से से 1 पायल, 1 बलिया, 2 चेन, 1 लॉकेट और 37 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।

ग्रामीणों का आरोप – अवैध कारोबार से बढ़ रहा अपराध

ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की बढ़ती घटनाओं के पीछे गांव में खुलेआम चल रहा अवैध शराब कारोबार और अवैध मिट्टी खनन माफिया जिम्मेदार है। इन अवैध गतिविधियों के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आए दिन चोरी व अन्य आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस को कई बार लिखित शिकायतें देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।

पुलिस की देरी पर नाराजगी

ग्रामीणों ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत राघोपुर थाना को दी गई थी, लेकिन चार घंटे तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। घटना के लगभग चार घंटे बाद 112 पुलिस टीम वहां पहुंची, लेकिन उन्होंने घटनास्थल पर बक्से और अन्य सामान की जांच करने के बजाय केवल औपचारिक पूछताछ की और कुछ ही मिनटों में वापस लौट गए।

थानाध्यक्ष का बयान

मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने कहा कि घटनास्थल की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *