सुपौल: राघोपुर में नहर से बुजुर्ग महिला की लाश बरामद, इलाके में फैली सनसनी

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंपानगर वार्ड संख्या 3 में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मधेपुरा उप शाखा नहर में एक बुजुर्ग महिला का शव तैरता हुआ देखा गया। शव देखे जाने के बाद स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंपानगर के नहर पर बनी अस्थायी चचरी पुल के पास ग्रामीणों ने नहर में एक महिला की लाश को तैरते देखा। पहले तो कुछ देर तक लोग असमंजस में रहे, लेकिन फिर किसी ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी। मौके पर राघोपुर थाना की पुलिस पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक पूछताछ और पहचान के आधार पर मृतका की पहचान 75 वर्षीय भुइया देवी, पति स्व. बौकू मंडल, निवासी हुसेनावाद वार्ड संख्या 10 के रूप में की गई है।

घटना के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना या किसी आपराधिक साजिश समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, घुइयां देवी सुबह से ही घर से लापता थीं और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

मामले में राघोपुर प्रभारी थानाध्यक्ष जैनेंद्र कुमार झा ने बताया कि, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को बाहर निकालकर शिनाख्त की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]