सुपौल: राघोपुर से राज्यरानी एक्सप्रेस का परिचालन शुरू, लोगों ने केक काटकर मनाया जश्न

न्यूज़ डेस्क सुपौल:

सरायगढ़ रेलवे जंक्शन से पटना तक जाने वाली राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार ललितग्राम तक कर दिया गया है। इस बाबत रेलवे द्वारा पत्र जारी कर दिया गया है। इससे पहले राज्यरानी का ठहराव सरायगढ़ में था।

स्टेशन कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार सहरसा से चलकर राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस संध्या के 6:05 बजे सरायगढ़ जंक्शन पहुंचेगी और 1 मिनट के ठहराव के बाद 6:07 बजे ट्रेन ललितग्राम के लिए प्रस्थान करेगी। 

राज्यरानी सुपरफास्ट ट्रेन 6:23 पर राघोपुर पहुंचेगी और 6:25 बजे वहां से आगे बढ़ेगी जो 7:00 संध्या में ललितग्राम पहुंचेगी और रात्रि में वहीं ठहराव होगा। 26 जनवरी की सुबह 4:45 बजे राज्यरानी ललितग्राम से पटना के लिए प्रस्थान करेगी। 5:06 पर राघोपुर पहुंचेगी और फिर 5:08 सुबह में सरायगढ़ के लिए चलेगी। सरायगढ़ में 5:28 में पहुंचेगी और पूर्व की तरह 5:30 बजे प्रस्थान कर जाएगी।

राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस ललितग्राम जाने के क्रम में आज पहली बार राघोपुर स्टेशन पहुंचा। राघोपुर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने के खुशी में समस्त प्रखंड वासियों ने ट्रेन का जोरदार स्वागत किया और लोको पायलट शंकर कुमार, असिस्टेंट लोको पायलट मो सुभान, सहायक विद्युत अभियंता शैलेन्द्र कुमार सिंह, जूनियर इंजीनियर उत्तम कुमार, स्टेशन मास्टर मनीष कुमार व अन्य रेलकर्मी का अंगवस्त्र, माला, गुलाब व तिरंगे के साथ अभिनन्दन किया, जिसके बाद केक काटकर पूर्ण उत्साह के साथ समस्त समस्तीपुर मंडल/पूर्व मध्य रेल परिवार का आभार व्यक्त कर जश्न मनाया।

बता दें कि सहरसा ललितग्राम रेलखंड पर राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस इस रूट की पहली विद्युत रेल गाड़ी है जिसका परिचालन कल से शुरू होगा।

सहरसा-फारबिसगंज रेलखंड बड़ी लाइन बनने के बाद राघोपुर के लोगो द्वारा इस रूट पर राजधानी पटना के लिए ट्रेन की मांग किया जा रहा था ताकि राघोपुर जैसे इलाकों के लोगो को पटना जाने के लिए डायरेक्ट ट्रेन की सुविधा मिल सके। इसके लिए स्थानीय युवाओं ने सांसद, मंत्री समेत रेलवे को बार-बार पत्र लिखा और ट्रेन की मांग की जिसके फलस्वरूप पूर्व मध्य रेलवे के द्वारा राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को ललितग्राम तक विस्तार कर दिया गया।

ट्रेन के विस्तार के बाद राघोपुर प्रखंड के लोगो ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, जीआरएम, डीआरएम समेत सांसद दिलेश्वर कामैत, मंत्री नीरज सिंह बबलू, विधायक अनिरुद्ध यादव का आभार व्यक्त किया।

मौके पर बिंदी गुप्ता, भाजपा नेता उमेश गुप्ता, मयंक कुमार गुप्ता, निर्मल स्वर्णकार, प्रशांत वर्मा, अरुण जायसवाल, आशुतोष झा, ब्रजेश कुमार, मंजीत स्वर्णकार, दीपक यादव, मो अकरम, रिंकू भगत, प्रमोद साह, गुड्डू जीजीआर, रमण झा, गुड्डू दास, आंनद, पारस, रोहन, दीपक आदि लोग उपस्थित थे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]