सुपौल: सिमराही बाजार में भीषण अगलगी, मोबाइल दुकान जलकर खाक, स्थायी दमकल व्यवस्था की मांग को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश

न्यूज डेस्क सुपौल

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 27 पर स्थित सिमराही बाजार के मछली मार्केट में मंगलवार की मध्यरात्रि एक भीषण अगलगी की घटना घटित हुई। इस हादसे में कुशवाहा टेक सेल एंड सर्विस नामक एक मोबाइल दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग लगने की यह घटना रात लगभग 12:30 बजे हुई, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे।

दुकान के संचालक सिवेक समीर ने बताया कि करीब 15-20 लोग उनके घर के बाहर पहुंचे और जोर-जोर से आवाज देकर आग लगने की जानकारी दी। जैसे ही वे बाहर निकले, उन्होंने देखा कि उनकी दुकान पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राघोपुर के बीडीओ ओमप्रकाश को इसकी जानकारी दी। प्रशासन की पहल पर प्रतापगंज से एक छोटी दमकल और वीरपुर से एक बड़ी दमकल वाहन घटनास्थल पर भेजी गई।

हालांकि दमकल के पहुंचने तक आग ने विकराल रूप ले लिया था और दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक भारी आर्थिक क्षति हो चुकी थी। दुकान में रखे मोबाइल फोन, फोटोस्टेट मशीन, चार्जर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। सामग्रियों के नुकसान का अनुमान लगभग 5 से 6 लाख रुपये बताया गया।

हादसे के बाद व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से सिमराही जैसे घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले बाजार में स्थायी दमकल वाहन की तैनाती की पुरजोर मांग की है। लोगों का कहना है कि हर बार दमकल की गाड़ियाँ दूर-दराज के प्रखंडों से पहुंचती हैं, जिससे आग पर काबू पाने में देर होती है और नुकसान बढ़ता है।

स्थानीय निवासियों ने कहा कि सिमराही बाजार, राघोपुर क्षेत्र का एक प्रमुख वाणिज्यिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में यहां आपदा प्रबंधन के तहत एक स्थायी फायर ब्रिगेड स्टेशन की स्थापना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से समय रहते निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *