सुपौल: सिमराही में नहर में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत, पूरे इलाके में छाया मातम

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही नगर पंचायत वार्ड संख्या 15 स्थित गम्हरिया उपशाखा नहर में स्नान करने गई दो मासूम बच्चियों की डूबकर मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा गुरुवार दोपहर हुआ, जब दोनों बच्चियां नहर में नहाने गई थीं और अचानक गहरे पानी में समा गईं।

देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन

घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने देर रात तक काफी मशक्कत की, लेकिन बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा गहराने के कारण रात में ऑपरेशन को रोकना पड़ा।

शुक्रवार को मिले दोनों के शव

शुक्रवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने पुनः सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब सात घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सुबह लगभग 10:30 बजे दोनों बच्चियों के शव बरामद किए गए। शव घटनास्थल से करीब 600 मीटर दूर नहर से निकाले गए। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के रोने-बिलखने की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुट गए और माहौल गमगीन हो गया।

पहचान को लेकर हुई पुष्टि

शुरुआत में परिजनों ने बच्चियों के घरेलू नाम नैना और काजल बताए थे। लेकिन जब एनडीआरएफ टीम के इंस्पेक्टर गजेन्द्र सिंह ने आधार कार्ड या अन्य दस्तावेज की मांग की, तब आधिकारिक पहचान स्पष्ट हो पाई। दस्तावेजों के आधार पर मृत बच्चियों की पहचान कुलानंद सादा की 7 वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी और संतोष सादा की 11 वर्षीय पुत्री पुष्पा कुमारी के रूप में हुई।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर भेजा पोस्टमार्टम

घटना की जानकारी मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इन दोनों बच्चियों की असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *