सुपौल: सिमराही में नौ दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ, हजारों श्रद्धालुओं ने निकाली कलश यात्रा

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही वार्ड संख्या 2 में शनिवार को नौ दिवसीय श्रीराम कथा एवं दुर्लभ सत्संग का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन यज्ञ स्थल से भव्य कलश यात्रा एवं श्रीराम शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें करीब एक हजार महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

भगवा परिधान में सजे रामभक्तों की शोभायात्रा लगभग एक किलोमीटर लंबी रही, जो रामनगर वार्ड 2 स्थित यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर हॉस्पिटल रोड, मेन चौक सिमराही, एनएच-27 होते हुए 50 पुला नहर तक पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरा और पुनः यात्रा यज्ञ स्थल पर लौटकर संपन्न हुई।

तेज धूप के बावजूद सैकड़ों महिलाओं ने पैदल यात्रा करते हुए जय श्रीराम के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान कर दिया। भगवान श्रीकृष्ण की बांसुरी का रूप भी शोभायात्रा का आकर्षण केंद्र रहा।

श्रीराम कथा का प्रवचन प्रतिदिन ऋषिकेश से पधारे ब्रह्मचारी संत श्री हरिदास जी महाराज के द्वारा दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक दिया जाएगा, जबकि प्रभातफेरी सुबह 5 से 7 बजे तक निकलेगी।

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में नगर पंचायत वासियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों का भी योगदान रहा। मौके पर सहदेव साह, सीताराम पाण्डेय, कपलेश्वर पाण्डेय, दीप नारायण पाण्डेय, झमेली यादव, रामेश्वर यादव, भूपेन्द्र पाण्डेय, चंदशेखर पाण्डेय, डॉ. ओ.पी. पाण्डेय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]