हाजीपुर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सभा में सुरक्षा में चूक, सभा स्थल के ऊपर मंडराया अंजान ड्रोन, युवक हिरासत में

News Desk Vaishali:

हाजीपुर में गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे, जब यह घटना घटी।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हाजीपुर के प्रेमराज क्षेत्र में जदयू प्रत्याशी सिद्धार्थ पटेल के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान सभा स्थल के ठीक ऊपर एक अज्ञात ड्रोन मंडराने लगा। मंच के सामने अचानक ड्रोन को उड़ता देख सुरक्षा में तैनात कर्मियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और सतर्कता बरतते हुए डंडे से ड्रोन को नीचे गिरा दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद एक युवक को पकड़ लिया गया, जो कथित तौर पर ड्रोन उड़ा रहा था। ड्रोन को जब्त कर लिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां युवक से पूछताछ कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ड्रोन उड़ाने का उद्देश्य क्या था और कहीं यह सुरक्षा में सेंध की कोशिश तो नहीं थी।

घटना के बाद सभा स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपना कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार पूरा किया और सुरक्षित रवाना हो गए।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री की सभा में किसी भी व्यक्ति को ड्रोन लेकर आने या उड़ाने की अनुमति नहीं थी, बावजूद इसके युवक वहां ड्रोन लेकर पहुंच गया। अचानक मंच के नजदीक ड्रोन को उड़ता देख सुरक्षाकर्मी एक पल के लिए सन्न रह गए, लेकिन तत्परता दिखाते हुए उन्होंने युवक और ड्रोन दोनों को अपने कब्जे में ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]