वोटर अधिकार यात्रा’ का 10वां दिन, सुपौल में राहुल-प्रियंका-तेजस्वी समेत शामिल हुए कई दिग्गज नेता, स्वागत में उमड़ा जनसैलाब

News Desk Supaul:

बिहार की राजनीति सोमवार को एक बड़ा दृश्य बनी जब सुपौल जिले के मुख्यालय में वोटर अधिकार यात्रा का आगाज़ हुआ। इस यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, भाकपा (माले) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव सहित महागठबंधन के कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

वोटर अधिकार यात्रा में लोगो का अभिवादन करते राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व तेजस्वी यादव

यात्रा का भव्य शुभारंभ

सुपौल में आज 10वें दिन यह यात्रा सुपौल शहर के हुसैन चौक से शुरू हुई। सुबह से ही हजारों की भीड़ सड़कों पर उमड़ पड़ी थी। यह यात्रा महावीर चौक, अंबेडकर चौक, लोहिया नगर चौक, गौरवगढ़ चौक होते हुए डिग्री कॉलेज चौक तक पहुंचा। यहां से यह कारवां आगे बढ़ते हुए किशनपुर, भपटियाही और मझारी होते हुए मधुबनी की ओर निकल गया।

फूल-मालाओं से हुआ स्वागत

यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने नेताओं का जबरदस्त स्वागत किया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, तेजस्वी यादव, रेवंत रेड्डी और दीपांकर भट्टाचार्य जिस वाहन पर सवार थे, वहां भीड़ लगातार नारे लगा रही थी। कई स्थानों पर समर्थकों ने नेताओं का जेसीबी मशीन पर चढ़कर फूल-मालाओं से स्वागत किया।

हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते राहुल गांधी व प्रियंका गांधी

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। वहीं, पीछे की गाड़ी में सवार पप्पू यादव अकेले ही लोगों का अभिवादन करते नजर आए और उन्होंने भीड़ के उत्साह को सलाम किया।

राहुल गांधी के वोटर अधिकार यात्रा में उमड़ा लोगों का हुजूम

जनता का उत्साह और नारेबाजी

भीषण गर्मी के बावजूद यात्रा में जनता का उत्साह देखने लायक था। सड़क किनारे खड़े हजारों लोगों ने नेताओं का स्वागत किया। कार्यकर्ता लगातार “वोट चोर – गद्दी छोड़” के नारे लगा रहे थे। जगह-जगह युवाओं और महिलाओं की भीड़ भी उमड़ पड़ी थी, जिससे पूरे शहर का माहौल चुनावी रंग में रंग गया।

राहुल गांधी के स्वागत में खड़े स्कूली बच्चे

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इतनी बड़ी भीड़ और नेताओं की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क था। पूरे मार्ग पर पुलिस बल की भारी तैनाती की गई थी। जिला प्रशासन के अधिकारी और सुरक्षाकर्मी लगातार भीड़ को नियंत्रित करते रहे ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

यात्रा के दौरान लोगों का अभिवादन करते राहुल, प्रियंका, तेजस्वी समेत कई दिग्गज नेता

महागठबंधन का शक्ति प्रदर्शन

राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार सुपौल में निकली यह यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि महागठबंधन की ताकत का प्रदर्शन भी थी। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ मंच साझा करते हुए तेजस्वी यादव और अन्य नेताओं ने यह संदेश दिया कि विपक्ष एकजुट है और आने वाले चुनावों में जनता को संगठित करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा है।

सुपौल में यात्रा के दौरान उमड़ा लोगों का जनसैलाब

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]