Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को नहर किनारे स्थित बांसबाड़ी से 17 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान कटैया माहे पंचायत के वार्ड संख्या-7 निवासी इंदू मंडल के पुत्र कृष्णा कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब एक बजे गांव की कुछ महिलाएं कटैया बड़ी नहर के किनारे महिचंदा साइफन से लगभग 200 मीटर दक्षिण स्थित बांसबाड़ी में जलावन लेने गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर वहां पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। महिलाओं ने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पिपरा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। कुछ देर बाद मृतक के पिता इंदू मंडल घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान अपने पुत्र कृष्णा कुमार के रूप में की।
मृतक के पिता ने बताया कि सोमवार की रात करीब नौ बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। उन्हें जानकारी नहीं है कि कृष्णा घर से कब निकला। उन्होंने यह भी बताया कि उनका पुत्र नशे का आदी था। पुलिस को युवक की जेब से नशे से संबंधित सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि युवक के शव की पहचान कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हत्या की आशंका सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।







