Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत स्थित लक्ष्मीपुर सायत वार्ड संख्या-1 में सोमवार की शाम जनवितरण प्रणाली की दुकान से अनाज उठाव को लेकर हुए विवाद के बाद एक डीलर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के ही 55 वर्षीय कुशेश्वर पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, अस्पताल में चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। इस मामले में मृतक के पुत्र मुन्ना कुमार ने राघोपुर थाना में लिखित आवेदन देकर घटना की जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मृतक के पुत्र मुन्ना कुमार द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, कुशेश्वर पासवान जनवितरण प्रणाली के विक्रेता थे। सोमवार की शाम करीब 5:45 बजे वह अपने घर के सामने एनएच-131 किनारे एक किराना दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के ही वार्ड संख्या-2 निवासी हरिशंकर खिरहरी वहां पहुंचे। उन्होंने पिछले दो महीने का राशन बकाया होने की बात कहते हुए अनाज की मांग की। इस पर कुशेश्वर पासवान ने बताया कि जनवितरण प्रणाली के तहत लाभुक जब पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर राशन की पर्ची प्राप्त करते हैं तो उन्हें उसी समय निर्धारित मात्रा में अनाज उपलब्ध करा दिया जाता है। यदि किसी महीने का अनाज बकाया है तो संबंधित पर्ची दिखानी होगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

परिजनों का आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान कुशेश्वर पासवान अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें राघोपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में मौत की पुष्टि के बाद परिजनों का हंगामा
कुशेश्वर पासवान की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। स्थिति की जानकारी मिलते ही राघोपुर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद मृतक के पुत्र ने थाना में लिखित आवेदन देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।
इस संबंध में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. दीपक गुप्ता ने बताया कि संबंधित व्यक्ति को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। आवश्यक जांच और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल कुशेश्वर पासवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। विवाद और कथित हाथापाई के बाद हुई मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि परिजनों के द्वारा आवेदन दी गयी है। मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाई की जा रही है।







