79वें स्वतंत्रता दिवस: बिहार में नेताओं का देशभक्ति संगम, सभी दलों के दफ्तरों में लहराया तिरंगा, दी शुभकामनाएं

News Desk Patna:

देश आज आज़ादी के 79 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है। इस अवसर पर बिहार भी पूरी तरह से देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। राजधानी पटना से लेकर गांव-गांव तक सरकारी और निजी संस्थानों, स्कूल-कॉलेजों, कार्यालयों और राजनीतिक दलों के दफ्तरों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। हर तरफ तिरंगे की शान लहराई और देशभक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी।

समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं

Advertisement

https://newsexpressbihar.com/advertisement/24124/

राजनीतिक दलों के कार्यालयों में तिरंगा फहराया

पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं, राजद प्रदेश कार्यालय में पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने ध्वजारोहण किया। राजद सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने राबड़ी आवास पर तिरंगा फहराया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी मौजूद रहीं।

उपमुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएं

बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने प्रदेशवासियों को इस महापर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी के इस दिन हमें अपने देश के लिए समर्पण और एकजुटता की भावना को और मजबूत करना चाहिए। इधर, मुजफ्फरपुर के पंडित नेहरू स्टेडियम में भी स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन हुआ। यहां बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने ध्वजारोहण किया, तिरंगे को सलामी दी और परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को गणतंत्र और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

मुजफ्फरपुर के समारोह में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों, कविताओं और नृत्य के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों की गाथा को जीवंत कर दिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने किया भावुक संबोधन

बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने विधानमंडल परिसर में ध्वजारोहण किया और राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “यह आजादी हमें सहजता से नहीं मिली। यह हजारों स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और त्याग का परिणाम है, जिन्होंने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा, वर्षों तक जेल की यातनाएं सही और देश के लिए अपना सर्वस्व अर्पण कर दिया।”

पूरे प्रदेश में इस अवसर पर लोगों में देशभक्ति और गर्व की भावना देखने को मिली। आसमान में लहराता तिरंगा और गूंजते राष्ट्रगान ने माहौल को और भी जोशीला बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *