अररिया में विभागीय अधिकारी 18 सितंबर से पंचायतों में ग्रामीणों के साथ करेंगे जनसंवाद कार्यक्रम

न्यूज़ डेस्क अररिया: अररिया के सभी विभाग के जिला स्तर और अनुमंडल स्तर के अधिकारी 18 सितंबर से जिले के ग्राम पंचायत में जनसंवाद कार्यक्रम करेंगे। जिसमें न केवल विभागीय अधिकारी आम ग्रामीणों से रूबरू होते हुए विभागीय योजनाओं और कार्यों को लेकर ग्रामीणों को जानकारी देंगे, बल्कि जन संवाद के दौरान उनकी समस्याओं को सुनकर उसका निराकरण भी करेंगे। उक्त जानकारी जिलाधिकारी इनायत खान ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी।

जानकारी देते हुए जिलाधिकारी इनायत खान ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्री शनिवार 16 सितंबर को जोगबनी में इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट का उद्घाटन करेंगे। साथ ही वहां एसएसबी कैंप में बने जवानों और अधिकारियों के क्वार्टर का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। गृह मंत्री का यह सरकारी कार्यक्रम है और उसके आगमन को लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गई है साथ ही विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल खुली सीमा पर भी तैनात एसएसबी के जवान और अधिकारी गृह मंत्री के कार्यक्रम को लेकर अलर्ट मोड में हैं और सीमा पार से आने जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

डीएम ने बताया कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से सुधार हो रहा है। कुछ माह पहले तक जहां स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति 20 फीसदी तक थी, वहीं अब बढ़कर 50 फीसदी तक छात्रों की उपस्थिति पहुंच गई है और उन्होंने इस माह के अंत तक 70 फीसदी होने की उम्मीद जाहिर की। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षा में सुधार को लेकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। स्वंय उनके द्वारा साप्ताहिक स्कूलों का निरीक्षण करने के साथ बच्चों से पढ़ाई को लेकर इंटरेक्शन किया जा रहा है। उन्होंने कृषि विभाग सहित अन्य विभागों में भी अपेक्षित सुधार होने की बात कही।

18 सितंबर से अधिकारी करेंगे जन संवाद कार्य्रकम

बता दें कि डीएम ने 18 सितंबर से जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा पंचायत स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा करते हुए कहा कि मूल उद्देश्य गांव में जाकर ग्रामीणों की समस्याओं को जानना और उसका निराकरण किया जाना है। अधिकारी और ग्रामीणों के बीच जनसंवाद का यह कार्यक्रम पहले चरण में पंचायत स्तर पर होगी और बाद में अगले चरण में गांव और नगर में किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनसमस्याओं को सुनने के साथ विभागीय योजनाओं के साथ लोक कल्याणकारी योजनाओं और इलाके में चलने वाले कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]