अररिया: स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिये संचालित होगा पिंक अक्टूबर अभियान

न्यूज डेस्क अररिया: जिले में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पिंक अक्टूबर अभियान संचालित किया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसे लेकर पूरे महीने जागरूकता अभियान संचालित किया जायेगा।स्तन कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने, इसकी रोकथाम व उपचार संबंधी उपायों को बढ़ावा देना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। पिंक अक्टूबर अभियान के तहत सदर अस्पताल अररिया में शुक्रवार को विशेष जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरीय स्वास्थ्य अधिकारियों की अगुआई में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले में संचालित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर कार्यरत कुल 53 सीएचओ ने भाग लिया। प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम में सदर अस्पताल में संचालित कैंसर स्क्रीनिंग सेंटर में कार्यरत होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल व रिसर्च सेंटर मुज्जफरपुर की चिकित्सक डॉ सायना आलम, डॉ मैत्रयी द्वारा सभी सीएचओ को स्तन कैंसर, मुंह के कैंसर व सर्वाइकल कैंसर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए इसके स्क्रीनिंग को लेकर प्रशिक्षित किया गया।

कार्यक्रम में डीपीसी राकेश कुमार, जपाइगो के कार्यक्रम समन्वयक डॉ मो याकूब सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद थे।

भाभा कैंसर हॉस्पिटल व रिसर्च सेंटर की चिकित्सक डॉ सायना आलम ने बताया कि पिंक अक्टूबर अभियान का मुख्य उद्देश्य स्तन कैंसर के प्रति जन जागरूकता को बढ़ाना है। ताकि इसके कारण, रोकथाम व उपचार को बढ़ावा दिया जा सके।उन्होंने कहा कि समय पर रोग की पहचान, उचित जांच व उपचार से कैंसर की बीमारी से पूर्णत: निजात पायी जा सकती है।डॉ मैत्रयी ने कहा कि स्तन में किसी तरह की गांठ, इसके आकार में किसी तरह का परिवर्तन व निप्पल से किसी तरह का रिसाव स्तन कैंसर के प्रारंभिक लक्षण हो सकते हैं।ऐसी कोई भी शिकायत होने पर तत्काल सदर अस्पताल पहुंच विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श लेना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]