News Desk Supaul:
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपतगंज बाजार में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की ठोकर से एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान धरहारा वार्ड संख्या 12 निवासी शकुंतला देवी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह घर से सत्संग सुनने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान हरावत राज उच्च विद्यालय के समीप तेज गति से आ रहे मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी।

हादसे में महिला का दायां पैर टूट गया तथा सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी बाइक सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिजनों द्वारा घायल महिला को तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. अंजार अहमद ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के क्रम में मोटरसाइकिल की डिक्की की तलाशी लेने पर 19 बोतल देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मोटरसाइकिल (BR 50 M 9737) और शराब को जब्त कर लिया है।
इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि जब्त बाइक और शराब को थाना लाया गया है तथा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







