सुपौल: बारात सवार पिकअप वैन पलटने से एक की मौत, पांच जख्मी, शव को पोस्टमार्टम में भेज जांच में जुटी पुलिस

न्यूज़ डेस्क सुपौल:

जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दुअनिया मोड़ के समीप एनएच 57 पर शनिवार की देर रात्रि बारात सवार एक पिकअप वैन पलटने से जहां एक की मौत हो गई, वहीं पिकअप सवार पांच अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिसके बाद अन्य गाड़ियों पर सवार बारातियों द्वारा सभी घायलों को प्रतापगंज पीएचसी भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। जबकि दो बारातियों के गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

घटना को लेकर बताया जा रहा है कि मधेपुरा जिला के कुमारखंड थाना क्षेत्र के टीकुलिया गांव निवासी कमलेश्वरी राम अपने बेटे की शादी के लिए बारात लेकर करजाईन थाना क्षेत्र के दौलतपुर जा रहे थे। इसी क्रम में एनएच पर दुअनिया मोड़ के समीप पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। जिसके कारण पिकअप सवार सभी बारात गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिसके बाद अन्य बारातियों ने पलटी हुई पिकअप वैन को सीधा कर सभी जख्मी को इलाज के लिए पीएचसी प्रतापगंज लाया। जहां जख्मियों के गंभीर स्थिति को देख अस्पताल पहुंचाने वाले अन्य बाराती वहां से भाग निकले।

वहीं ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर नूर आलम ने बताया कि घटना में घायल पांच लोगों में दो मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रमजानी गांव निवासी सोभी राम और पवन राम के गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया। जबकि एक की मौत हो गई, जिसकी पहचान सोभी राम के रूप में किया गया। इसके अलावा रविवार की सुबह सूचना पर पहुंचे जख्मी पवन के परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर लेकर चले गए। अन्य आंशिक रुप से जख्मियों में मूरलीगंज थाना के सहोरिया गांव वार्ड नंबर 10 निवासी 35 वर्षीय लक्ष्मण राम, छातापुर थाना के वार्ड नंबर 3 निवासी 55 वर्षीय दीपो राम और पीपरा थाना क्षेत्र के बंसूली गांव निवासी 60 वर्षीय झमेली दास शामिल है, जो फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही सअनि वीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ पीएचसी पहुंचकर घटना का जानकारी लिया और मृतक के परिजनों को घटना का जानकारी दिया। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेज आगे की प्रक्रिया में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]