सुपौल: राघोपुर में श्रीमद्भागवत कथा को लेकर निकाली गई भव्य कलश यात्रा

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर प्रखंड के डुमरी पंचायत में श्री रामजानकी ठाकुरबाड़ी से मंगलवार को श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ को ले भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा के दौरान सैकड़ो महिलाएं व पुरुष शामिल हुए। कलश यात्रा के दौरान भगवान के जयकारे से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। श्री रामजानकी ठाकुरबाड़ी से गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा की शुरुआत हुई जो डुमरी, महादेव स्थान होते हुए बाबा भीमशंकर मंदिर स्थित तालाब पर पहुंचे। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरने का कार्य किया गया। जल भरने के बाद कलश यात्रा पुनः मंदिर, डुमरी नगर भ्रमण करते हुए उसी रास्ते श्री रामजानकी ठाकुरबाड़ी पहुंची। कलश यात्रा के दौरान महिलाएं-पुरुष सभी भगवा रंग के वस्त्र पहकर अपने सिर पर कलश लिए भजन कीर्तन करते हुए चल रहे थे।

जानकारी देते हुए स्थानीय आलोक चौधरी ने बताया कि 20 मार्च से 26 मार्च तक चलने वाले श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ को लेकर यह कलश यात्रा निकाली गई है। बताया कि आचार्य धर्मेंद्रनाथ मिश्र के द्वारा प्रवचन किया जाएगा जो प्रतिदिन 3 बजे अपराह्न से शाम 6 बजे तक होगा।

वहीं अमरेंद्र मोहन जायसवाल ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाले श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ को लेकर यह कलश यात्रा आज निकाली गई है। बताया कि बुधवार से कथा श्रवण किया जाएगा।

इस मौके पर जिला परिषद प्रतिनिधि धीरेंद्र यादव, दीपक चौधरी, अशोक जायसवाल, सुमन पंकज, सोनू चौधरी, पारस चौधरी, राहुल मंडल, अंकित कुमार, राधेश्याम पंडित सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]