यूपी: उन्नाव में बड़ा सड़क हादसा, सीतामढ़ी से दिल्ली जा रही बस दुर्घनाग्रस्त, हादसे में 18 लोगों की मौत 20 घायल

न्यूज डेस्क पटना:

उन्नाव जिले में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बस और दूध टैंकर की भिड़ंत हो गई। जानकारी के अनुसार, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बिहार के सीतामढ़ी से दिल्ली जा रही स्लीपर बस बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में हवाई पट्टी पर टैंकर में भिड़ गई। एक्सप्रेसवे पर दूध टैंकर को बाएं तरफ से ओवरटेक करने के दौरान हादसा हुआ है। हादसे में दो महिलाओं और एक करीब दस साल के बच्चे सहित 18 बस यात्रियों की मौत हो गई है। लगभग 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। बस में बच्चों सहित करीब 100 यात्री बैठे थे।

18 लोगों की मौत और 20 लोग घायल

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और टैंकर दोनों के परखच्चे उड़ गए। तेज रफ्तार होने से बस का चालक की तरफ का हिस्सा आगे से पीछे तक क्षतिग्रस्त हो गया। सीटों पर बैठे और लेटे यात्रियों में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए हैं।

गंभीर घायलों को उन्नाव जिला अस्पताल रेफर किया

सूचना पर यूपीडा की रेस्क्यू टीम और पीआरवी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य जारी किया। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना, सीओ अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और सभी को बांगरमऊ सीएचसी भेजा। उपचार के बाद घायलों को उन्नाव जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

सीओ ने बताया कि ट्रैवल कंपनी के माध्यम से बुक हुए टिकट के आधार पर मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

उन्नाव हादसे पर सीएम योगी ने जताया दुख

इस हादसे पर सीएम योगी ने दुख जताया है और अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ‘X’ पर लिखा, “जनपद उन्नाव में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]