कोसी तटबंध के अंदर विद्यालय में घुसा बाढ़ का पानी, खौफजदा हैं शिक्षक और छात्र

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

सुपौल में कोसी के जलस्तर में उतार चढ़ाव से तटबंध के अंदर कोहराम मचा हुआ है। एक तरफ जहां तटबंध के अंदर लोगों के घर वार कोसी के पानी की जद में आ गया है वहीं तटबंध के अंदर संचालित कई स्कूलों में भी कोसी के पानी ने डेरा डाल दिया है। जिससे स्कूल के शिक्षक और छात्र डरे और सहमे हुए हैं। चूंकि सरकारी फरमान अभी स्कूल संचालन का है लिहाजा स्कूल में पानी भर जाने के बाद भी जान जोखिम में डालकर शिक्षक और छात्र छात्राएं स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं।

कुछ ऐसी ही बानगी किसनपुर प्रखंड के मोजहा में कोसी तटबंध के अंदर अवस्थित समाजवादी उच्च माध्यमिक विद्यालय का है। जहां कोसी में जलस्तर के बढ़ने से स्कूल में तीन से चार फिट पानी घुस गया है। स्कूल के गेट के पास सड़क टूट जाने के कारण वहां चार पांच फिट पानी का बहाव बड़ी तेजी से हो रहा है। ऐसे में जब छोटे छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं तो दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है। बाबजूद इसके पठन पाठन भी चल रही है।

कहते हैं किसनपुर प्रखंड के मोजहा में कोसी तटबंध के अंदर संचालित इस समाजवादी उच्च माध्यमिक विद्यालय में वर्ग नौ दस और ग्यारहवीं में कुल 192 छात्र छात्राएं नामांकित हैं। विद्यालय में 17 शिक्षक शिक्षिकाएं कार्यरत हैं। इतना ही नहीं इसी कैंपस में एक अन्य मध्य विद्यालय को भी शिफ्ट कर दिया गया है। स्कूल में पानी भरा हुआ और स्कूल जाने के रास्ते भी पानी से डूबा हुआ है।

आलम यह है कि स्कूल में शिक्षक और छात्र डरे सहमे हुए रहते हैं। बाबजूद इस दिशा में शिक्षा विभाग कोई ठोस पहल नहीं कर पा रही है। जिसके चलते शिक्षक और छात्रों की परेशानी बढ़ी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]