सुपौल: सिमराही में मुहर्रम पर निकाला गया जंगी जुलूस

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर मंगलवार को मुस्लिम समुदाय के त्याग और बलिदान के महान पर्व मुहर्रम के अवसर पर जंगी जुलूस का आयोजन किया गया। इस जुलूस में युवाओं के हाथों में तिरंगा झंडा था, जो जुलूस की शान बढ़ा रहा था। वहीं, जुलूस में शामिल प्रत्येक मोटरसाइकिल और अन्य वाहन हरे रंग के धार्मिक झंडे से सजे हुए थे।

जुलूस के दौरान हजारों मुस्लिम युवाओं ने हाथ में तिरंगा, धार्मिक झंडा, लाठी, डंडा, तलवार आदि लेकर विभिन्न प्रकार के करतब और प्रदर्शन किए। सिमराही बाजार स्थित एनएच 106 एवं एनएच 57 के रास्ते से गुजरते हुए जुलूस ने विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। राघोपुर, सिमराही, रामविसनपुर, दहिपौड़ी, गद्दी, रामपुर, पिपराही, गनपतगंज सहित अन्य स्थानों के जुलूस एक साथ सिमराही बाजार में पहुंचने के कारण हजारों की भीड़ जमा हो गई, जिससे बाजार में लगभग तीन से चार घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने पूरा प्रयास किया लेकिन जाम इतना लंबा था कि प्रशासन भी इसे पूरी तरह समाप्त करने में सफल नहीं हो पाया। सिमराही बाजार में मंगलवार की हाट होने के कारण जाम और भी बढ़ गया। इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर पेयजल की व्यवस्था की गई थी। जुलूस में आगे चल रहे डीजे की धुन ने युवाओं में जोश भरा।

विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार मंडल, सीओ रश्मि प्रिया, थानाध्यक्ष नवीन कुमार सहित दर्जनों पुलिस बल सक्रिय दिखे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए जुलूस के साथ पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया। जंगी जुलूस निकालने से पूर्व प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च का भी आयोजन किया गया था। इसके अलावा, विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल की उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]