सुपौल: राघोपुर में संदिग्ध अवस्था में एक महिला की हुई मौत, महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के हुलास पंचायत के विचारी वार्ड 13 में गुरुवार की रात एक महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान मो. इम्तियाज आलम की 30 वर्षीय पत्नी रुस्ताना प्रवीण के रूप में की गई है। महिला का पति बाहर में रहकर काम करता है। घटना की खबर पूरे पंचायत में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने मृतका के मायके वालों और राघोपुर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे, साथ ही राघोपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की तहकीकात में जुट गई। मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया कि रुस्ताना प्रवीण की हत्या उसके ससुराल वालों ने गला दबाकर की है। बताया जा रहा है कि कुछ घरेलू मुद्दों को लेकर सास और बहू के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद गुरुवार की रात को यह घटना घटी। महिला के मौत होने के बाद मायके वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।

वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मृतका के मुंह से झाग निकल रहा था और उसके गर्दन के दाहिने तरफ खरोंच के निशान भी पाए गए हैं। बरहाल महिला की हत्या हुई या कुछ और वजह से उनकी मृत्यु हुई ये जांच के बाद ही पता चल पाएगा।

मामले को लेकर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच जारी है। फिलहाल, पुलिस को इस घटना के संबंध में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]