मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सहरसा दौरा, मां विषहरा मंदिर का किया लोकार्पण, अमरपुर में 414 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास

न्यूज डेस्क सहरसा:

Nitish Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को सहरसा जिले के कहरा प्रखंड स्थित ग्राम पंचायत दिवारी में प्राचीन मां विषहरा भगवती मंदिर का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस मंदिर में हर वर्ष विषहरा भगवती महोत्सव का आयोजन राज्य के पर्यटन विभाग द्वारा किया जाएगा। इससे पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर वहां किए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया और परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने मंदिर परिसर के तालाब में मछली का बीज (जीरा) भी डाला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण अच्छी तरह से किया गया है, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी और उनका अनुभव सुखद रहेगा। इसके बाद, उन्होंने कहरा प्रखंड के ग्राम पंचायत अमरपुर में विभिन्न सरकारी योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने 414.74 करोड़ रुपये की लागत से सहरसा जिले के खजुर देवा चौक से डेंग राही घाट के बीच कोसी नदी पर एक उच्चस्तरीय आरसीसी पुल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही, 5.67 करोड़ रुपये की लागत से सहरसा जिले में एक मॉडल थाना भवन के निर्माण का भी शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत पंचायत सरकार भवन अमरपुर के पास स्थित सरकारी पोखर के जीर्णोद्धार कार्य का उद्घाटन भी किया, जिसमें मछली का बीज छोड़ा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पोखर के किनारे सीढ़ीनुमा घाट का निर्माण कराया जाए और उसके चारों ओर घने वृक्षारोपण का कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत सरकारी तालाबों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण तेजी से किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किए, जिनमें विशेष सहायता योजना, समेकित चौर विकास योजना, तालाब मत्स्य विकास योजना, और प्रखंड परिवहन योजना शामिल थीं। उन्होंने 1738 जीविका-संपोषित स्वयं सहायता समूहों को 62 करोड़ 43 लाख रुपये का सांकेतिक चेक और सतत् जीविकोपार्जन योजना के तहत 306 लक्षित परिवारों को 1 करोड़ 12 लाख 57 हजार रुपये का चेक जीविका दीदियों को प्रदान किया।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, मद्य निषेध एवं निबंधन मंत्री रत्नेश सादा, सांसद संजय कुमार झा, सांसद दिनेश चंद्र यादव, विधायक आलोक रंजन, विधायक यूसुफ सलाहउद्दीन, विधायक गुंजेश्वर साह सहित कई गणमान्य व्यक्ति और अधिकारी मौजूद थे। इनमें मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, कोसी प्रमंडल के आयुक्त दिनेश कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार, सहरसा के जिलाधिकारी वैभव चौधरी, और पुलिस अधीक्षक हिमांशु भी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]