सहरसा में बाढ़ का कहर: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत सामग्री बांटी, स्थायी समाधान का आश्वासन

न्यूज डेस्क सहरसा:

सहरसा जिले के नवहट्टा में आज केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और वहां के हालात का जायजा लिया। सहरसा में नेपाल बराज से छोड़े गए पानी के कारण कोसी नदी में बाढ़ आई, जिसने इलाके में भारी तबाही मचाई है। जिले के नवहट्टा प्रखंड में तटबंध के अंदर बसे सात पंचायतों में बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। इन क्षेत्रों में लोगों के घर पानी में बह गए हैं, और उनकी सैकड़ों एकड़ की फसलें भी जलमग्न हो चुकी हैं। इस विनाशकारी स्थिति के कारण ग्रामीणों के पास खाने-पीने तक की समस्या उत्पन्न हो गई है।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने केदली पंचायत के अशय और पहाड़पुर गांवों का दौरा करते हुए वहां के बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत कार्य में किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। दौरे के दौरान कई ग्रामीणों ने शिकायत की कि उन्हें अब तक प्रशासन से कोई मदद नहीं मिली है, जिस पर चिराग पासवान ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए समस्याओं का तुरंत समाधान करने को कहा।

मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा, “बिहार में इस बार बहुत बड़ी आपदा आई है। केंद्र और राज्य सरकारें बाढ़ पीड़ितों के लिए चिंतित हैं और राहत तथा बचाव कार्य तेजी से चल रहे हैं। बाढ़ बिहार में कोई नई घटना नहीं है, लेकिन इससे निपटने के लिए स्थायी समाधान की आवश्यकता है। मैंने हमेशा ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ की बात की है, और इस बार भी मैं बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान निकालने पर जोर दूंगा।”

उन्होंने नदियों को जोड़ने और हाई डैम के निर्माण की आवश्यकता पर भी बल दिया, जिससे भविष्य में बाढ़ की समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के साथ मिलकर वे इन मुद्दों पर चर्चा करेंगे। चिराग पासवान ने स्थानीय प्रशासन को मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया, ताकि पशुधन की देखभाल हो सके।

उन्होंने आश्वासन दिया कि राहत कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी और पुनर्वास का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उनका कहना था कि ग्रामीणों को जल्द से जल्द उनके घरों में वापस भेजने की व्यवस्था की जाएगी और प्रशासन को मिले सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायतों के समाधान के लिए उन्होंने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि यह समस्याएं कुछ घंटों में हल हो जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]