भागलपुर: खेलते समय बम विस्फोट से 8 बच्चे घायल, जांच में जुटी पुलिस

न्यूज डेस्क भागलपुर:

भागलपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। हबीबपुर थाना क्षेत्र के खिलाफत नगर में मंगलवार को खेलने के दौरान अचानक बम फटने से 8 बच्चे घायल हो गए हैं। इस घटना में गंभीर रूप से घायल तीन बच्चों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

घायल बच्चों की उम्र 8 से 12 साल के बीच है। सूचना के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे कुछ बच्चे एक मैदान में खेल रहे थे, तभी वहां एक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट में गंभीर रूप से जख्मी हुए बच्चों में 12 वर्षीय मन्न, उसका 8 वर्षीय भाई गोलू और 8 वर्षीय हारून शामिल हैं। इन सभी को इलाज के लिए भागलपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसके अलावा, अन्य घायलों में 3 वर्षीय समर, 10 वर्षीय राजा, साकिब, साहिल और आरिफ भी शामिल हैं, जिन्हें बाद में अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग इस बारे में कुछ भी बताने को तैयार नहीं हैं।

पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गई। एसपी सिटी रामदास, डीएसपी सिटी-2 और हबीबपुर थानेदार भी घटनास्थल पर पहुंचे और एफएसएल की टीम ने जांच शुरू कर दी।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि खेलते समय बच्चों के हाथ में बम कैसे आया। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]