मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सुपौल दौरा: 420 करोड़ की 210 योजनाओं का होगा उद्घाटन और शिलान्यास, सुरक्षा और तैयारियां पूरी

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले में 23 अक्टूबर को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दौरा संभावित है। जिसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां ज़ोरों पर हैं, साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद किया गया है। डीएम कौशल कुमार और एसपी शैशव यादव ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान यातायात को सुचारू रखने के लिए शहर में विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुपौल से किशनपुर की ओर जाने वाली सभी गाड़ियों को शहर के डिग्री कॉलेज चौक से पिपरा रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित कार्यक्रम के केंद्र में किशनपुर प्रखंड का मलाढ़ पंचायत है, जिसे दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। मलाढ़ के वार्ड 12 महादलित टोला में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा कुल 24 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पर विभागीय प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों की टीम लगातार काम में जुटी हुई है। डीएम कौशल कुमार ने अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरायगढ़ भपटियाही से किशनपुर तक पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस द्वारा पिछले एक सप्ताह से वाहनों की नियमित जांच की जा रही है। हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे का मिनट टू मिनट कार्यक्रम अभी तक जारी नहीं हुआ है। इससे पहले 18 अक्टूबर को मुख्यमंत्री का सुपौल में दौरा संभावित था, लेकिन अब यह दौरा 23 अक्टूबर को निश्चित किया गया है।

मुख्यमंत्री इस दौरे के दौरान 224.977 करोड़ की लागत से 99 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे और 195.212 करोड़ की लागत से 111 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री का आगमन पहले सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड के बीएन इंटर कॉलेज में होने वाला था, लेकिन अब वह हवाई मार्ग से सीधे मलाढ़ पहुंचेंगे। यहां कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री भपटियाही में रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) और नए थाना भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, बीएन इंटर कॉलेज से वे हेलिकॉप्टर द्वारा पटना के लिए रवाना होंगे।

इस दौरे में शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। जिले में 105 प्राथमिक विद्यालय भवन विहीन थे, जिनमें से 57 विद्यालयों में पंचायत राज विभाग के माध्यम से भवन तैयार कराए गए हैं। इनका उद्घाटन मुख्यमंत्री करेंगे, जबकि शेष 48 विद्यालयों का शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही 200 नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की आधारशिला रखी जाएगी, और 225 अर्धनिर्मित केंद्रों का कार्य पूरा किया जाएगा।

मलाढ़ में मुख्यमंत्री 8.496 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और 5.748 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों से बातचीत करेंगे। मलाढ़ के बाद, मुख्यमंत्री भपटियाही में 29.90 करोड़ की लागत से बने रेल ओवर ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, पथ निर्माण विभाग की चार अन्य योजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा।

भपटियाही के नए थाना भवन का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री करेंगे, जिसकी लागत 6.52 करोड़ रुपये है। इसके साथ, वे 93.659 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 37 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिसमें सुपौल नगर परिषद में 22.08 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सह पंप हाउस भी शामिल है। मुख्यमंत्री यहां से 164.888 करोड़ रुपये की 62 विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

कार्यक्रम के समापन के बाद, मुख्यमंत्री बीएन इंटर कॉलेज से हेलिकॉप्टर द्वारा पटना के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]