लोकगायिका शारदा सिन्हा की तबीयत नाजुक: पीएम मोदी ने लिया हालचाल, प्रशंसक कर रहे हैं दुआ

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार की प्रख्यात लोक गायिका और पद्म पुरस्कार से सम्मानित शारदा सिन्हा की हालत गंभीर बनी हुई है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती शारदा सिन्हा को सोमवार की शाम को तबियत बिगड़ने के कारण वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया। उनके स्वास्थ्य को लेकर देशभर में और विदेशों में भी उनके चाहने वाले चिंतित हैं और उनकी सलामती के लिए लगातार दुआएं कर रहे हैं। शारदा सिन्हा की ताजा स्थिति की जानकारी उनके पुत्र अंशुमन लगातार साझा कर रहे हैं, जो दिल्ली एम्स में अपनी मां की देखभाल कर रहे हैं।

वेंटिलेटर पर शारदा सिन्हा

अंशुमन ने सोमवार को फेसबुक लाइव के माध्यम से अपने चाहने वालों को अपडेट दिया कि शारदा सिन्हा की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी मां रविवार से अचेत अवस्था में हैं और आंखें पूरी तरह से बंद हैं। हालात को देखते हुए सभी को चिंता है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि वह इस कठिन दौर से बाहर आ जाएंगी। अंशुमन ने यह भी कहा कि सोमवार को जब उन्होंने अपनी मां से बात करने की कोशिश की तो उनकी आंखों की पुतलियों में थोड़ी सी हरकत हुई, जो उनके शुभचिंतकों के लिए एक सकारात्मक संकेत है।

शारदा सिन्हा की गंभीर हालत को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अंशुमन से फोन पर बातचीत की और शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री द्वारा पूछे जाने की खबर को अंशुमन ने अपनी मां को भी बताने की कोशिश की, उन्होंने कहा, “मम्मी, प्रधानमंत्री जी ने फोन करके आपके बारे में पूछा है। पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा है।” यह सुनकर शारदा सिन्हा की आंखों में थोड़ी हरकत महसूस हुई।

शारदा सिन्हा के चाहने वाले इस खबर के बाद और भी ज्यादा भावुक हो गए हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना और शुभकामनाएं भेज रहे हैं। बिहार की सांस्कृतिक धरोहर और लोकगीतों की मशहूर गायिका के रूप में शारदा सिन्हा का योगदान अविस्मरणीय है। उनकी मधुर आवाज और भावपूर्ण गीतों ने उन्हें लोगों के दिलों में खास जगह दिलाई है। ऐसे में उनके प्रशंसक और परिवार के सदस्य प्रार्थना कर रहे हैं कि वह जल्द स्वस्थ होकर अपने चाहने वालों के बीच लौटें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]