दरभंगा में राम विवाह झांकी पर पथराव, दो पक्ष भिड़े, झड़प के बाद तनाव

न्यूज डेस्क दरभंगा:

दरभंगा के लहेरियासराय क्षेत्र में शुक्रवार (6 दिसंबर) की शाम राम विवाह झांकी पर पत्थरबाजी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के बाजितपुर इलाके में हुई, जहां झांकी को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद भड़क गया। राम बारात तरौनी से निकलकर बाजितपुर के एक मंदिर की ओर जा रही थी। जैसे ही बारात मंदिर के पास पहुंची, किसी बात को लेकर एक पक्ष ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके जवाब में दूसरे पक्ष ने भी हमला किया।

इस झड़प में दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए हैं, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घायलों का स्थानीय स्तर पर इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी अशोक कुमार और एसडीएम विकास कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस बल तैनात, दंगा निरोधक दल बुलाया गया

तनाव के मद्देनजर इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। हालात संभालने के लिए मुजफ्फरपुर से दंगा निरोधक दस्ता भी बुलाया गया। पुलिस प्रशासन ने घटना के बाद क्षेत्र में कर्फ्यू जैसे हालात बनने से रोका और सुनिश्चित किया कि कोई और अप्रिय घटना न हो। शनिवार सुबह तक स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।

एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि राम विवाह झांकी एक मस्जिद के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों समुदायों के बीच बहस हुई और फिर मामला हिंसक झड़प में बदल गया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि दोषियों की पहचान की जा सके।

इस घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि झांकी का आयोजन बिना प्रशासनिक अनुमति के किया गया था, जो अनुचित है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने की कोशिश को विफल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]