सुपौल: दो गोदामों का शटर काटकर 25 लाख की चोरी, बाजार बंद कर त्वरित कार्रवाई की मांग, जांच में जुटी पुलिस

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत विशनपुर बाजार में बीती रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने विशनपुर चौक स्थित दो दुकानों के गोदामों को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और घटना को लेकर स्थानीय लोग काफी आक्रोशित हैं।

चोरी की उक्त घटना राहुल गुप्ता के कपड़ा गोदाम और रोहित गुप्ता के किराना गोदाम में हुई। जहां चोरों ने दोनों गोदामों के शटर का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और गोदाम में रखे कीमती कपड़े और किराना का सामान चुरा लिया। चोरी किए गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का आक्रोश


चोरी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विशनपुर चौक और बलुआ बाजार चौक को बंद कर दिया। आक्रोशित लोग इस बात की मांग कर रहे हैं कि इलाके में रात के समय पुलिस की गश्त को बढ़ाया जाए और चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस की कार्रवाई


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। बताया गया कि चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। बलुआ थानाध्यक्ष मनीषा चक्रवर्ती ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा और अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

वहीं घटना की जानकारी मिलने पर विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों से मुलाकात की और सुपौल डीएसपी से बातचीत कर इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और डॉग स्क्वायड के जरिए सुराग जुटाने में लगी हुई है। स्थानीय लोगों को भरोसा दिया गया है कि दोषियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। चोरी की इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *