Report: A.K. Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही के वार्ड नंबर 3 में अनंत मंदिर के समीप एक कमरे से 32 वर्षीय युवक का फांसी लगाकर आत्महत्या किये जाने के मामले को लेकर इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान करजाईन थाना क्षेत्र के छींट मोतीपुर वार्ड नंबर 3 निवासी रामफल यादव के पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है। जहां पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार सिमराही में खाद की दुकान चलाते थे। हालांकि, पिछले तीन-चार महीनों से उनकी दुकान बंद थी। इसके बावजूद वह प्रतिदिन सिमराही आते थे और अपनी दुकान के पीछे बने कमरे में रहते थे। गुरुवार को करीब साढ़े दस बजे वह दुकान के पास पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने बगल की दुकान से सिगरेट भी खरीदी और पीने के बाद पीछे स्थित कमरे में चले गए।

बताया जाता है कि करीब दो घंटे बाद उनके पिता रामफल यादव उन्हें खोजते हुए सिमराही स्थित दुकान पर पहुंचे। कमरे के अंदर जाने पर उन्होंने अपने पुत्र को फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर राघोपुर पुलिस को भी मामले से अवगत कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही राघोपुर थाना के एसआई राजू कुमार सशस्त्र बलों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। कमरे की स्थिति देखने के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
परिजनों के अनुसार, राजेश तीन भाइयों में मंझले थे और परिवार की जिम्मेदारियां मुख्य रूप से उन्हीं पर थीं। उनकी शादी करीब साढ़े तीन वर्ष पहले दूधाधारी गांव निवासी रंजन कुमारी से हुई थी। उनके परिवार में ढाई वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार और करीब आठ माह की पुत्री तनिष्का कुमारी है। घटना के बाद पत्नी और बच्चों सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में एसआई राजू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम जांच कर रही है। जांच पूरी होने और आवश्यक साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।







