बिहार के चार विश्वविद्यालयों में नए कुलपति नियुक्त, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का बड़ा फैसला

न्यूज़ डेस्क पटना:

बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने चार विश्वविद्यालयों में नए कुलपतियों की नियुक्ति की है। इनमें पूर्णिया विश्वविद्यालय, मुंगेर विश्वविद्यालय, नालंदा खुला विश्वविद्यालय और बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय शामिल हैं। यह निर्णय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से परामर्श के बाद लिया गया।

नए कुलपतियों की नियुक्ति

  1. पूर्णिया विश्वविद्यालय: विवेकानंद सिंह को कुलपति नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले एनआईटी (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) में प्रो-वाइस चांसलर थे।
  2. मुंगेर विश्वविद्यालय: संजय कुमार को कुलपति बनाया गया है। वे नालंदा खुला विश्वविद्यालय में प्रो-वाइस चांसलर के रूप में कार्यरत थे।
  3. नालंदा खुला विश्वविद्यालय: रविंद्र कुमार को इस विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। रविंद्र कुमार बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर में प्रो-वाइस चांसलर रह चुके हैं और वर्तमान में पटना विश्वविद्यालय के दर्शनशास्त्र विभाग के अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे।
  4. बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय: इंद्रजीत सिंह को कुलपति नियुक्त किया गया है।

राजभवन के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल. चोंगथू की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि इन कुलपतियों का कार्यकाल तीन वर्षों का होगा।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री की मुलाकात

गुरुवार, 9 जनवरी की सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। माना जा रहा है कि यह नियुक्तियां मुख्यमंत्री के साथ परामर्श के बाद तय की गईं। नीतीश कुमार करीब 11 बजे राजभवन पहुंचे थे। उनकी इस मुलाकात को पहले सामान्य और औपचारिक माना जा रहा था, लेकिन अब इसे इन नियुक्तियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

राज्यपाल का कार्यभार संभालने के बाद पहला बड़ा फैसला

गौरतलब है कि आरिफ मोहम्मद खान ने 2 जनवरी को बिहार के 42वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। राज्यपाल बनने के बाद यह उनकी पहली बड़ी प्रशासनिक पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]