महाकुंभ मेले में भीषण आग: सिलिंडर फटने से 50 से अधिक शिविर जलकर खाक, राहत कार्य जारी, मची अफरा तफरी

न्यूज डेस्क:

प्रयागराज में महाकुंभ मेले के सेक्टर 19 में एक बड़ी आग लगने की घटना सामने आई है, जिसने पूरे मेले में अफरा-तफरी मचा दी है। बताया जा रहा है कि आग एक धर्म संघ के शिविर में लगी जिसके बाद वहां रखे सिलिंडर एक-एक करके फटने लगे। सिलिंडरों के विस्फोट के कारण आग ने और भयानक रूप ले लिया। इस घटना में पचास से अधिक शिविर जलकर खाक हो चुके हैं और आग तेजी से सेक्टर 20 की ओर बढ़ रही है।

गीता प्रेस गोरखपुर का शिविर भी इस आग की चपेट में आ गया है। आसमान में धुएं का गुबार फैल गया है, जिससे मेले में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसे हालात बन गए। फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की 50 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं, लेकिन अब तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। लगातार सिलिंडरों के फटने की वजह से राहत और बचाव कार्य में मुश्किलें आ रही हैं।

मौके पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और फायर ब्रिगेड कर्मी स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भी प्रयागराज में ही मौजूद हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *