छातापुर में शिक्षा और विकास की मांग: संजीव मिश्रा ने जनसंवाद के जरिए जनता से किया वादा

न्यूज डेस्क सुपौल:

छातापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्वालपाड़ा पंचायत के वार्ड संख्या 07 में बुधवार को विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा ने जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हए संजीव मिश्रा ने कहा कि छातापुर में अब तक एक भी डिग्री महाविद्यालय की स्थापना नहीं हो सकी है, जिससे यहां के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए अन्य क्षेत्रों में जाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर समस्या है और इसे दूर करने के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में परिवर्तन की आवश्यकता है।

संजीव मिश्रा ने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य नेता बनना नहीं है, बल्कि छातापुर का एक बेटा होने के नाते इस क्षेत्र का सेवक बनकर इसके सर्वांगीण विकास के लिए काम करना है। उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि अगर जनता ने उन्हें एक मौका दिया, तो उनकी प्राथमिकता शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ-साथ क्षेत्र का समग्र विकास करना होगा।

उन्होंने यह भी जोर दिया कि छातापुर विधानसभा-45 क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। उनके अनुसार, जब तक छातापुर को एक समृद्ध और प्रगतिशील क्षेत्र नहीं बनाया जाता, तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत के प्रमुख सदानंद मंडल ने की। मौके पर विनोद कुमार, युगेश्वर झा, रामप्रसाद यादव, अनमोल झा, अनिल कुमार भास्कर, महानंद जी, दिनेश यादव जी, महेश यादव, भुपेंद्र मंडल, डॉ मनोज कुमार, रामाकांत मंडल, सूरज कुमार, महेश यादव सहित कई लोग उपस्थित थे।

जनसंवाद कार्यक्रम में स्थानीय जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं को खुलकर साझा किया। श्री मिश्रा ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]