सुपौल: कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर जदयू कार्यकर्ताओं ने किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

न्यूज़ डेस्क सुपौल:

जिले के नगर पंचायत सिमराही अंतर्गत न्यू मार्केट स्थित जदयू नेता मनोज यादव के आवास पर शुक्रवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर जदयू कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने से हुई।

इस दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने कर्पूरी ठाकुर के योगदान और उनके आदर्शों को याद किया। जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रो. कमल प्रसाद यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कर्पूरी ठाकुर असाधारण प्रतिभा के धनी थे और उनका जीवन सामाजिक न्याय और समानता के प्रति समर्पित था। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए संघर्ष किया और अपने कार्यकाल के दौरान कई ऐतिहासिक फैसले लिए।

कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने न केवल बिहार बल्कि पूरे देश को यह संदेश दिया कि राजनीति सेवा का माध्यम है, न कि सत्ता का साधन। उन्होंने बिना भेदभाव के समाज के हर वर्ग के हित के लिए काम किया।

इस मौके पर जदयू के वरिष्ठ नेता, युवा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और गणमान्य व्यक्तियों ने उनकी जयंती पर एकत्र होकर उनके सिद्धांतों और आदर्शों को अपनाने की शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान कर्पूरी ठाकुर के जीवन पर आधारित विचार-विमर्श और उनके कार्यों पर चर्चा की गई, जिससे उपस्थित लोगों को उनके संघर्ष और समाज के प्रति उनके योगदान को गहराई से समझने का अवसर मिला।

मौके पर जदयू महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पूनम देवी, जदयू जिला महासचिव नूर आलम, महेन्द्र प्रसाद गुप्ता, हरेराम मेहता, देवनारायण यादव, ऋषिकांत विश्वकर्मा, गोपाल चांद, भीमशंकर ठाकुर, राजेन्द्र साह, प्रवीण सेन, लालदेव यादव, बहादुर मंडल, हरदेव प्रसाद यादव, कृष्णदेव मेहता सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]