सुपौल: पिपरा प्रखंड क्षेत्र में धूमधाम से मनाई जा रही है सरस्वती पूजा, लोगों में हर्ष, माता की जयकारा से गूंज उठा इलाका

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

जिले के पिपरा प्रखंड क्षेत्र में इस वर्ष सरस्वती पूजा की धूम पूरे इलाके में भक्ति और उल्लास का माहौल है। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर और सार्वजनिक स्थानों पर आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं, जहां मां सरस्वती की सुंदर प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मां की आराधना करने आ रहे हैं और भजन-कीर्तन के मधुर स्वरों से वातावरण भक्तिमय हो गया है।

क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सरस्वती पूजा बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। छात्र-छात्राएं पीले वस्त्र पहनकर मां सरस्वती की आराधना कर रहे हैं और ज्ञान, बुद्धि और विद्या की प्राप्ति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। पूजा पंडालों को फूलों, रंगीन झालरों और विद्युत सजावट से आकर्षक रूप दिया गया है। मूर्तिकारों ने इस बार विशेष रूप से पारंपरिक और आधुनिक शैली में देवी सरस्वती की प्रतिमाएं बनाई हैं, जिनमें से कुछ की ऊंचाई 3 से 8 फीट तक है।पूजा स्थलों पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। मंत्रोच्चारण, आरती और हवन से वातावरण पवित्र हो उठा है। कई जगहों पर भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है, जिनमें छात्र संगीत, नृत्य और कविताओं के माध्यम से मां सरस्वती की स्तुति कर रहे हैं।

इसी कड़ी में सखुआ महावीर मंदिर, पिपरा बाजार के डीएस पब्लिक इंग्लिश बोर्डिंग स्कूल, दुलारी पब्लिक स्कूल, महेशलाल मेमोरियल पब्लिक स्कूल, थूमहा, कटैया, निर्मली चौक, महेशपुर सहित कई अन्य शिक्षण संस्थानों में निबंध लेखन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है, जिससे विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना का विकास हो रहा है।

सरस्वती पूजा के दौरान क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे सड़कों पर भारी चहल-पहल है। पिपरा पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है। पुलिस बल के जवान प्रमुख स्थानों पर तैनात हैं, और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]