सुपौल: सिमराही में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया डॉ. दिलीप जायसवाल का जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं ने स्थानीय मांगो को लेकर सौंपा ज्ञापन

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिला मुख्यालय में आयोजित एनडीए के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए जाते समय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल का सिमराही बाजार में भव्य स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोश और उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।

गर्मजोशी से हुआ स्वागत

स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार रॉय ने किया। राघोपुर और सरायगढ़ प्रखंड से सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल हुए। सबसे पहले रामकुमार राय ने मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल को फूल-माला और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद नगर अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता, भाजपा नेता बैद्यनाथ भगत, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विनीता देवी, महामंत्री स्मृति कुमारी, मंडल अध्यक्ष भरत सिंह, आलोक जायसवाल, प्रदीप चौधरी, विपिन साह, ममता झा, सियाराम भगत सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अंगवस्त्र और माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

स्थानीय मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन

इस कार्यक्रम के दौरान नगर अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता ने सिमराही नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 स्थित करोड़ी टोला में सड़कों की खराब स्थिति की समस्या मंत्री के समक्ष रखी और इसके समाधान की मांग की। इस पर मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया और कहा कि वे इस विषय पर डीएम और एसडीएम से बातचीत करेंगे।

वहीं, भाजपा नेता बैद्यनाथ भगत ने नगर पंचायत सिमराही में स्थायी बस स्टैंड बनाए जाने की मांग मंत्री के समक्ष रखी। मंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए स्थानीय सीओ और अन्य संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर बस स्टैंड के लिए जमीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

राम मंदिर शिलान्यासकर्ता कामेश्वर चौपाल को दी श्रद्धांजलि

इस अवसर पर डॉ. दिलीप जायसवाल ने राम मंदिर शिलान्यासकर्ता कोशी के लाल कामेश्वर चौपाल के निधन को अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि उनका जाना एक ऐसा नुकसान है जिसे निकट भविष्य में भर पाना कठिन होगा।

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़

इस स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने मंत्री के समक्ष विभिन्न स्थानीय समस्याओं को उठाया और उनके समाधान की उम्मीद जताई। मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वे उनके हितों की रक्षा और क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]