परीक्षा देने जा रही छात्राओं का ऑटो पुलिस वाहन से टकराया, दोनों नहर में गिरे, छह छात्राएँ घायल

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र के रानिपट्टी नहर मार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें पुलिस वाहन और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टकराने के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरे। इस हादसे में ऑटो में सवार छह छात्राएँ घायल हो गईं, जिनमें से तीन को मामूली चोटें आई हैं, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं।

कैसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो चालक प्रतापगंज से छात्राओं को लेकर वीरपुर परीक्षा दिलाने जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही पुलिस की गाड़ी से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन सीधे नहर में गिर गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया।

छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया

सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुँचे और एक घंटे के भीतर दोनों वाहनों का रेस्क्यू कर लिया गया। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से सभी छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया और नजदीकी निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायल छात्राएँ खतरे से बाहर हैं और प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को घर भेज दिया गया है।

पुलिस वाहन राजेश्वरी थाना की थी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल पुलिस वाहन राजेश्वरी थाना की थी, जो किसी आवश्यक कार्य से ललित ग्राम से लौट रही थी। रास्ते में यह हादसा हो गया।

थानाध्यक्ष का बयान

भीमपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से नहर से निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा, “सभी घायल छात्राएँ सुरक्षित हैं और उनके इलाज की व्यवस्था की जा रही है। हादसे की जाँच की जा रही है कि यह किसकी लापरवाही से हुआ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *