सुपौल: तेज रफ्तार कार नहर में गिरी, युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के धरहरा स्थित नहर पुल के पास सोमवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। रात करीब 1 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नहर में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामनारायण कुमार (24 वर्ष), निवासी तीनटोलिया, प्रतापगंज के रूप में हुई है।

जानकारी देते हुए मृतक के भाई दिलीप यादव ने बताया कि वह देर रात अपनी कार से कहीं जा रहा था। जैसे ही वह धरहरा के समीप नहर पुल पर पहुंचा, कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे रेलिंग विहीन पुल से नीचे नहर में गिर गई। बताया कि हादसे में उनकी जान चली गयी। बताया कि रामनारायण कही बाहर गया था जहां उसका मोबाइल छूट गया था जिसके बाद देर रात्रि में वो अपना मोबाइल लेने जा रहा था इसी क्रम में ये हादसा हुआ।

नहर में डूबने से गई जान

नहर में पानी का स्तर काफी ऊंचा था, जिससे कार पूरी तरह डूब गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। लेकिन जब तक राहत कार्य शुरू होता, रामनारायण की जान जा चुकी थी। इस घटना की खबर जैसे ही मृतक के परिजनों को मिली, परिवार में मातम पसर गया।

पुलिस ने शव बरामद कर शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार को बाहर निकाला। इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और घटना की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, पुल पर सुरक्षा की मांग

इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि नहर पुल पर रेलिंग न होने की वजह से इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए और पुल पर सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

रामनारायण कुमार की असमय मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]