सुपौल सदर अस्पताल में अनियमितता और भ्रष्टाचार के खिलाफ ABVP का धरना प्रदर्शन

न्यूज डेस्क सुपौल:

सदर अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितता, कर्मचारियों की लापरवाही और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन किया। ABVP, जो विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, शिक्षा और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से कार्य करता है।

रात्रि में धरने पर बैठे abvp कार्यकर्ता

ABVP कार्यकर्ताओं ने बताया कि अस्पताल प्रशासन को पहले ही लिखित आवेदन देकर इन समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में शनिवार शाम 5 बजे से रविवार दोपहर तक विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे। धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन से कई अहम मांगें रखीं और जल्द से जल्द समाधान करने की अपील की।

ABVP की प्रमुख मांगें:

  1. भ्रष्ट और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
  2. सभी चिकित्सक समय पर अपने कक्ष में उपस्थित रहें, ताकि मरीजों को कोई असुविधा न हो।
  3. स्वास्थ्य प्रमाण पत्र को आसानी से उपलब्ध कराने के लिए शिविर लगाया जाए।
  4. अस्पताल में ICU को जल्द से जल्द चालू किया जाए।
  5. छोटे ऑक्सीजन प्लांट, जो पिछले दो वर्षों से बंद पड़ा है, उसे अविलंब चालू किया जाए।
  6. सामान्य जनता के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाए।
  7. अस्पताल के शौचालय एवं अन्य स्थानों पर टूटे हुए दरवाजों की मरम्मत करवाई जाए।
  8. अस्पताल परिसर में गाड़ियों की चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
  9. जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर अवैध वसूली को तुरंत बंद करवाया जाए और प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।

प्रशासन ने दिया आश्वासन, धरना समाप्त

रविवार को प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. एएसपी सिन्हा, डीएस डॉ. नूतन वर्मा, अस्पताल प्रबंधक अभिनव कुमार और नगर परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र झा धरना स्थल पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। प्रशासन से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।

इस प्रदर्शन में ABVP के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भवेश झा, प्रदेश सह एसएफडी संयोजक शिवजी कुमार, जिला संयोजक रंजीत कुमार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार, विराट जायसवाल, मन्नू कुमार, गोलू कुमार, केजन कुमार, सतीश कुमार समेत कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Comment