सुपौल में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई: वीरपुर SDPO के रीडर 30 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के वीरपुर अनुमंडल में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वीरपुर SDPO के रीडर बिट्टू कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की टीम ने 30 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई SDPO आवास के समीप की गई, जिससे पूरे वीरपुर क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीमनगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले के संबंध में शिकायतकर्ता ललन कुमार से केस को रफा-दफा करने के एवज में बिट्टू कुमार द्वारा 30 हजार रुपये की मांग की गई थी। इस मांग से परेशान होकर ललन कुमार ने इसकी लिखित शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना से की।

शिकायत की पुष्टि और तथ्यों की जांच के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया और एक सुनियोजित कार्रवाई के तहत बिट्टू कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय निगरानी विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद थे और पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी भी की गई।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों में हताशा का माहौल है और इस पूरे मामले को लेकर अब आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। सूत्रों की मानें तो इस प्रकरण में और भी अधिकारियों की भूमिका की जांच की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]