अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट क्रैश, पूर्व मुख्यमंत्री समेत 242 लोग थे सवार, अब तक 133 यात्रियों की हुई मौत, राहत और बचाव कार्य जारी

न्यूज डेस्क :

गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एक भीषण विमान हादसा हुआ, जिसमें एयर इंडिया की एक पैसेंजर फ्लाइट टेकऑफ के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा मेघानीनगर इलाके में हुआ, जब विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरकर लंदन के लिए रवाना हो रहा था।

बताया जा रहा है कि फ्लाइट संख्या AI-147 बोइंग 737 विमान थी, जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपानी समेत कुल 242 लोग सवार थे, जिसमें यात्री और क्रू मेंबर दोनों शामिल थे। टेकऑफ के दौरान विमान का पिछला हिस्सा किसी अज्ञात वस्तु से टकरा गया, जिससे संतुलन बिगड़ा और वह पास के हॉर्स कैंप क्षेत्र में जाकर क्रैश हो गया।

टक्कर के बाद विमान में अचानक आग लग गई और कुछ ही पलों में पूरा जहाज आग के गोले में तब्दील हो गया। दुर्घटना के बाद आसमान में काला धुआं छा गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

दमकल विभाग की कई गाड़ियां तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। फिलहाल राहत और बचाव का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। अहमदाबाद पुलिस और प्रशासन मौके पर डटे हुए हैं।

अब तक 133 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्टेट कंट्रोल रूम और एयर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। हादसे के कारणों की जांच के लिए एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया जा रहा है।

हॉस्टल मेस के ऊपर गिरा विमान का हिस्सा, 20 इंटर्न डॉक्टरों की मौत की आंशका

​एयरपोर्ट के पास मेघानी नगर जहां एयर इंडिया का प्लेन गिरा, वह मेडिकल कॉलेज हॉस्टल का मेस बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि प्लेन की चपेट में आने से 20 इंटर्न डॉक्टरों की मौत हो सकती है।

एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 ने भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे 23 से उड़ान भरी थी। रनवे 23 से उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान एयरपोर्ट की सीमा के बाहर जमीन पर गिर गया और उसके तुरंत बाद घटनास्थल से आसमान में काला धुआं उठता हुआ देखा गया। विमान अहमदाबाद के मेघानीनगर आईजीपी परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे के समय विमान में केबिन क्रू के 12 सदस्यों समेत 242 लोग सवार थे।  विमान का संचालन कैप्टन सुमित सभरवाल कर रहे थे, जिनके साथ फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया

“अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे हृदय विदारक है। इस दुख की घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया

“अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। आपदा प्रतिक्रिया बलों को तुरंत दुर्घटनास्थल पर भेज दिया गया है। स्थिति का आकलन करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह मंत्री हर्ष संघवी और अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त से बात की।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]