सुपौल: राघोपुर में विशेष अभियान के तहत छापेमारी, 6.67 ग्राम स्मैक बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिला अंतर्गत राघोपुर थाना क्षेत्र के परसरमा वार्ड संख्या 7 में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अवैध नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत स्थानीय पुलिस ने एक घर में छापेमारी कर 6.67 ग्राम स्मैक बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।

राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुअनि रामबहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के विरुद्ध चल रहे अभियान पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि परसरमा वार्ड संख्या 7 निवासी अनमोल यादव अपने घर में अवैध रूप से नशे की वस्तुएं छिपाकर रखता है और बिक्री करता है।

गिरफ्तार नशा कारोबारी

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अनमोल यादव के घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगा, जिसे जवानों ने चारों ओर से घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसकी पहचान अनमोल यादव के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जिसमें पूर्वी हिस्से में स्थित चापाकल के पास बांस से बने मचान के नीचे छुपाकर रखे गए एक काले रंग के पॉलिथिन को बरामद किया गया। जब उस पॉलिथिन की जांच की गई, तो उसमें 37 पुड़ियों में बंधा कुल 6.67 ग्राम स्मैक पाया गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद स्मैक को विधिवत जब्त कर थाना लाया गया। आरोपी अनमोल यादव के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]