मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम में बनेगा भव्य मंदिर, मुख्यमंत्री नीतीश ने शेयर किया डिज़ाइन

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण खुशखबरी वाली खबर सामने आई है। जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली के रूप में विख्यात पुनौराधाम, जो सीतामढ़ी जिले में स्थित है, उसे अब भव्य और धार्मिक दृष्टिकोण से समग्र रूप से विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के तहत अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर मां जानकी का एक विशाल मंदिर बनाया जाएगा, जो ना केवल श्रद्धा का केंद्र होगा बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं इस महत्वाकांक्षी योजना की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने बताया कि मंदिर सहित अन्य धार्मिक और सांस्कृतिक संरचनाओं का डिज़ाइन तैयार कर लिया गया है, जिसे सार्वजनिक कर दिया गया है। यह डिज़ाइन देखने में अत्यंत भव्य, पारंपरिक और दर्शनीय है। मंदिर का आर्किटेक्चर भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को दर्शाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

मुख्यमंत्री ने लिखा,

“मुझे बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम, सीतामढ़ी को समग्र रूप से विकसित किए जाने हेतु भव्य मंदिर सहित अन्य संरचनाओं का डिज़ाइन अब तैयार हो गया है, जिसे आपके साथ साझा किया जा रहा है।”

मुख्यमंत्री ने आगे जानकारी दी कि इस परियोजना के कुशल संचालन और मंदिर निर्माण के लिए एक विशेष ट्रस्ट का गठन भी किया गया है, ताकि कार्य तेजी से और सुनियोजित ढंग से आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि सरकार और ट्रस्ट इस भव्य मंदिर के निर्माण को शीघ्र पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

नीतीश कुमार ने इसे समस्त बिहारवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य की बात बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। साथ ही, यह क्षेत्र आध्यात्मिक पर्यटन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]