सुपौल: मुहर्रम पर राघोपुर में निकला जंगी जुलूस, देशभक्ति और बलिदान का दिया संदेश, हजारों की भीड़ से सिमराही बाजार में घंटों लगा जाम

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में रविवार को शहादत और बलिदान का प्रतीक मुहर्रम पूरे श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पारंपरिक जंगी जुलूस का आयोजन भव्य रूप में किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के युवक शामिल हुए।

मुहर्रम इस्लाम धर्म के अनुयायियों के लिए त्याग, बलिदान और आत्मसंयम का प्रतीक माना जाता है। इसी क्रम में युवाओं ने पारंपरिक हथियार जैसे लाठी, डंडा, तलवार आदि के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया और हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिससे जुलूस और भी आकर्षक एवं प्रभावशाली बन गया।

जुलूस में युवाओं के हाथों में लहराते तिरंगा झंडे देशभक्ति का जज्बा भी दर्शा रहे थे, जिसने धार्मिक आयोजन में राष्ट्रीय एकता का संदेश घोल दिया। यह जुलूस सिमराही बाजार स्थित एनएच-106 एवं एनएच-27 समेत विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए क्षेत्रभर में भ्रमण करता रहा और अंततः निर्धारित गंतव्य तक पहुंचा।

प्रखंड क्षेत्र के सिमराही, रामविसनपुर, दहिपौड़ी, गद्दी, रामपुर, राघोपुर, पिपराही और गणपतगंज समेत कई अन्य स्थानों से निकले जुलूसों का संगम सिमराही बाजार में हुआ। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के एक साथ एकत्र होने से बाजार क्षेत्र में काफी भीड़भाड़ हो गई और सड़क पर लम्बा जाम लग गया, जिसके कारण कुछ घंटों तक यातायात भी बाधित रहा।

हालांकि, प्रशासन की ओर से विधि-व्यवस्था को लेकर चाक-चौबंद प्रबंध किए गए थे। एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, साइबर डीएसपी सौरव गुप्ता, बीडीओ ओमप्रकाश कुमार, प्रशिक्षु बीडीओ प्रवीण कुमार, सीओ रश्मि प्रिया, ईओ वीणा वैशाली और थानाध्यक्ष नवीन कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मुस्तैद रहे।

इन सभी अधिकारियों ने स्वयं क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरती। जुलूस शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ, जिसके चलते श्रद्धालुओं में संतोष और प्रशासन के प्रति विश्वास देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]