कटिहार में मुहर्रम जुलूस के दौरान पथराव से दो गुटों में हिंसक झड़प, क्षेत्र में तनाव; पुलिस ने संभाला मोर्चा

न्यूज डेस्क कटिहार:

रविवार को मुहर्रम के अवसर पर कटिहार जिले के नया टोला इलाके में ताजिया जुलूस के दौरान पथराव की घटना से माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि जुलूस के गुजरने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने एक धार्मिक स्थल पर पथराव कर दिया, जिसके बाद दो समुदायों के बीच झड़प शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों तरफ से पथराव और मारपीट होने लगी, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने ‘JSR’ (जय श्री राम) के नारे भी लगाए, जिससे भीड़ और उग्र हो गई। आरोप है कि हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों ने मुसलमानों के साथ-साथ अन्य समुदाय के लोगों के साथ भी मारपीट की, जो मुहर्रम का जुलूस देखने आए थे। इस झड़प में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि दो से तीन गाड़ियों को भी क्षति पहुंची है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। कटिहार के एसपी और जिलाधिकारी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और हालात को नियंत्रण में लेने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता से मोर्चा संभालते हुए दोनों गुटों को अलग किया और भीड़ को वहां से हटाने का प्रयास किया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की। तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की और निर्दोष लोगों पर लाठी-डंडों से हमला किया, लेकिन अब स्थिति नियंत्रण में है।

इस घटना के बाद नया टोला इलाका पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए असामाजिक तत्वों की पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी है। प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

हालांकि घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। कुछ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप भी लगाया है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]