एनएच-106 पर दर्दनाक हादसा: ओवरलोड ट्रैक्टर खाई में पलटा, चालक की दबकर मौत

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत पिपरा वार्ड संख्या 4 स्थित हरिहरपट्टी चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 106 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। इस हादसे में लोहे के एंगल से लदा एक ओवरलोड ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक की दबकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब छह बजे जब सड़क पर सामान्य आवाजाही शुरू हुई थी, उसी दौरान लोहे का भारी एंगल लदे एक ट्रैक्टर ने संतुलन खो दिया और सड़क किनारे खाई में जा गिरा। ट्रैक्टर के पलटते ही उसका पूरा भार चालक पर आ गया, जिससे वह ट्रैक्टर के नीचे बुरी तरह दब गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

हालांकि ट्रैक्टर पर लदा लोहे का एंगल अत्यधिक भारी था, जिससे चालक को बाहर निकालने में काफी दिक्कतें आईं। ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर जेसीबी मंगाई गई। मशीन की मदद से ट्रैक्टर को सीधा किया गया, तब जाकर चालक को बाहर निकाला जा सका। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर किसी बाहर जिले का प्रतीत होता है, क्योंकि उस पर स्थानीय नंबर प्लेट नहीं था और मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और मृतक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया है। लोग ओवरलोड वाहनों के कारण लगातार हो रहे हादसों पर चिंता जता रहे हैं और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इस मामले में पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]